एनएच 319 पर खड़ी ट्रक में ऑटो ने मारी टक्कर, चालक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

जिला संवाददाता संदिप कुमार


कैमूर:- मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया-आरा पथ (NH 319) पर लहूरबारी गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में तेज रफ्तार ऑटो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार एक महिला समेत तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।


मृतक की पहचान मोहनिया के वार्ड नंबर 9 निवासी स्वर्गीय इजहार राय के 42 वर्षीय पुत्र रमजान राय के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में गया जिले के अंगारा निवासी राकेश कुमार का पुत्र रोशन कुमार और पुत्री सोनम कुमारी शामिल हैं। तीसरा घायल यात्री गया के ही फतेहपुर निवासी सुदामा सिंह का पुत्र चंदन कुमार है।


घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची। मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों को इलाज के लिए तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें उनके गृह जिला गया रेफर कर दिया गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट