शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में बरसठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच व्यक्ति हिरासत में लेकर भेजे गए न्यायालय

प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों से पांच लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में, धारा 170 बीएनएसएस के तहत हुई कार्रवाई


बरसठी (जौनपुर)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बरसठी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच व्यक्तियों को हिरासत में लेकर चालान न्यायालय भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता देखने को मिली।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बरसठी जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के दृष्टिगत कुल पांच व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत पुलिस हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में रामविलाश सरोज पुत्र स्वर्गीय कन्हैया सरोज निवासी जमुनीपुर थाना बरसठी शामिल हैं। वहीं ग्राम गहलाई निवासी मुकेश कुमार कहार पुत्र स्वामी शंकर कहार, विनोद कहार पुत्र स्वामी शंकर कहार, अजीत कुमार पटेल पुत्र राजेन्द्र प्रसाद पटेल तथा विकास यादव पुत्र रामजीत यादव को भी हिरासत में लिया गया। सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय में चालान भेज दिया गया।

प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट