शादी में बाधा बन रही प्रेमिका को प्रेमी ने कुएं में धकेल कर मार डाला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जिला संवाददाता संदिप कुमार


कैमूर:- जिले के बेलॉव थाना क्षेत्र अंतर्गत नौहट्टा गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी तय हो जाने के बाद एक युवक ने अपनी प्रेमिका को रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले का खुलासा कर दिया है।


लापता होने के बाद कुएं से मिला शव

मिली जानकारी के अनुसार, नौहट्टा निवासी अशोक पासवान ने बेलॉव थाने में अपनी पुत्री के लापता होने और अपहरण की आशंका को लेकर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि गांव के उत्तर दिशा में स्थित 'आसन तल' नामक सुनसान जगह पर एक कुएं में शव पड़ा है। परिजनों ने शव की पहचान लापता बालिका के रूप में की। घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।


शादी में बाधा बन रही थी युवती

पुलिस के तकनीकी और पारंपरिक अनुसंधान में करमचट थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी सचिन कुमार (पिता- नन्दु बिंद) का नाम सामने आया। पुलिस ने जब सचिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ प्रेम प्रसंग था और दोनों के बीच काफी नजदीकियां थीं। इसी बीच सचिन की शादी कहीं और तय हो गई। आरोपी को डर था कि इस युवती के रहते उसकी दूसरी जगह शादी नहीं हो पाएगी, इसलिए उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।


मौका पाकर दिया वारदात को अंजाम

बीती 12 जनवरी 2026 को जब मृतिका के माता-पिता एक संबंधी के दाह-संस्कार में शामिल होने कोचस गए हुए थे, तब सचिन ने उसे अकेला पाकर फोन करके आसन तल स्थित कुएं के पास बातचीत के बहाने बुलाया। वहां मौका मिलते ही उसने युवती को कुएं में धकेल दिया, जिससे डूबने और चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई और वह वहां से फरार हो गया।


तकनीकी साक्ष्य और कानूनी कार्रवाई

पुलिस को आरोपी और मृतिका के बीच हुई बातचीत के पुख्ता तकनीकी साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सचिन कुमार को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में स्पीडी ट्रायल (त्वरित विचारण) के माध्यम से आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही, पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट