आरपीएफ ने 311 जीवित कछुआ किया बरामद


रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म सं0-3 पर जैसे ही गाड़ी सं-12312 नेताजी एक्सप्रेस रूकी,आरपीएफ ने गाड़ी की तलाशी लेना शुरू कर दी। तलाशी के दौरान एक सामान्य कोच में सीट के नीचे बोरे में छुपाये लावारिस स्थिति में 311 जीवित कछुआ बरामद किया गया,जिसकी कीमत खुले बाजार में 3,11,000 रूपये बतायी गयी है। इस संदर्भ में आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि बीते शनिवार की देर रात सूचना मिली कि नेताजी एक्सप्रेस में तस्करी के लिए कछुआ ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी के रूकते ही तलाशी ली गयी। इस दौरान कुल 311 जीवित कछुआ बरामद किया गया। यात्रियों से पूछताछ के क्रम में इस रहस्य का उद्घाटन नहीं हो पाया,कि आखिर यह किसका है और कहाँ ले जाया जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बरामद कछुओं को इसके उचित संरक्षण के लिए सासाराम के वन विभाग को सौंप दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार इस जाँच अभियान में आरपीएफ के उप निरीक्षक दीपेंद्र सिंह राणावत,सहायक उप निरीक्षक दिनेश्वर राम,प्रभारी आरक्षी राकेश कुमार कन्नोजिया,आरक्षी विकास कुमार सिंह तथा विमलेश भारती भी साथ-साथ रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट