कैमूर के कुदरा आधार केंद्र बना 'वसूली का अड्डा', 210 रुपये के लिए फरियादी और पत्रकार से बदसलूकी

रिपोर्ट संदिप कुमार 


आईडी किसी और की, चलाता कोई और; सेंटर पर हमेशा रहता है 4-5 बाहरी लोगों का जमावड़ा


सच दिखाने पर पत्रकार को भी धमकाया, पीड़ित चंद्रबिंद चौबे ने कुदरा थाने में दर्ज कराई शिकायत



(कैमूर) - कुदरा प्रखंड परिसर में स्थित आधार कार्ड सेंटर अब जनसुविधा केंद्र नहीं, बल्कि 'वसूली का अड्डा' बन गया है। यहाँ न केवल सरकारी तय सीमा से ज्यादा पैसे मांगे जा रहे हैं, बल्कि विरोध करने पर फरियादियों के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की भी की जा रही है। मामला कुदरा थाना क्षेत्र का है। ग्राम भदौला के निवासी चंद्रबिंद चौबे अपने बेटे के आधार कार्ड में सुधार करवाने के लिए प्रखंड परिसर स्थित सेंटर पर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मियों ने काम के बदले उनसे अवैध रूप से 210 रुपये की मांग की। जब चंद्रबिंद चौबे ने इस वसूली का कारण पूछा, तो सेंटर पर मौजूद कर्मी प्रभात कुमार और संदीप कुमार ने अभद्रता शुरू कर दी और उन्हें धक्का देकर बाहर भगा दिया। बड़ी बात यह सामने आई है कि यह सेंटर जिसकी आईडी पर है, उसे कोई और ही चला रहा है और वहां हमेशा 4-5 संदिग्ध लोग बैठे रहते हैं जो पैसे वसूलते हैं।


हद तो तब हो गई जब हंगामे की खबर सुनकर वहां पत्रकार पहुंचे। आरोपी कर्मियों ने पत्रकार के साथ भी बदसलूकी की और कहा कि "पत्रकार माने कुछ नहीं, यहां से निकलो।" हालांकि, उनकी यह सारी करतूत कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने कुदरा थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस 'गुंडाराज' और अवैध वसूली पर क्या कार्रवाई करता है।

सरकारी परिसर के अंदर चल रही इस धांधली पर वरीय अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेने की जरूरत है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट