महिलाओं के यौन उत्पीडन अधिनियम पर कार्यशाला


रोहतास।महिला एवं बाल विकास निगम, रोहतास के तत्वावधान में महिलाओं के यौन उत्पीड़न अधिनियम-2013 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जागरूकता हेतु जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन सभी प्राइवेट संस्था,उद्यमी,प्राइवेट स्कूल,गैर सरकारी संस्था एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बहुद्देशीय हॉल फजलगंज,सासाराम में किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कार्यक्रम प्रबंधक मोहम्मद शमीम अंसारी द्वारा किया गया,जबकि कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक एवं जिले के सामाजिक संस्था द्वारा संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा सभी मुख्य अतिथियों एवं वक्ताओं को पौधा देकर सम्मानित करते हुए पोश अधिनियम पर विस्तृत सत्र लिया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में वन स्टॉप सेंटर के केंद्र प्रशासक द्वारा पोश अधिनियम-2013 पर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए सभी प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर सुरक्षित,सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि पोश अधिनियम-2013 का उद्देश्य महिलाओं को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संरक्षण प्रदान करना, शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निपटारे की व्यवस्था करना तथा प्रत्येक कार्यालय में आंतरिक शिकायत समिति का गठन सुनिश्चित करना है। यह अधिनियम महिलाओं के सम्मान,गरिमा एवं सुरक्षित कार्य वातावरण को सुनिश्चित करने की दिशा में एक सशक्त कानूनी व्यवस्था है। जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न जैसे विषयों पर खुलकर संवाद करना आवश्यक है, क्योंकि यदि कोई महिला किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का सामना करती है,तो वह निडर होकर शिकायत दर्ज कर सकती है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सी-बॉक्स पोर्टल की भी जानकारी दी गयी,जिसके माध्यम से कोई भी महिला कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित अपनी शिकायत ऑनलाइन,सीधे केंद्र सरकार के पोर्टल पर दर्ज कर सकती है। इसके लिए एक विस्तृत प्रस्तुति भी साझा की गयी। कार्यशाला में जिले के स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी सहित महिलाकर्मियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला एवं बाल विकास निगम के जिला मिशन समन्वयक, लेखा सहायक,वित्तीय साक्षरता के विशेषज्ञ,केस वर्कर,कार्यालय सहायक,अंशकालिक अधिवक्ता सहित सभी कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट