गया में उद्योग वार्ता आयोजित, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jan 21, 2026
- 9 views
ब्यूरो चीफ गया जी की रिपोर्ट
गया-- जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में रेड क्रॉस सभागार में उद्योग वार्ता का आयोजन किया गया। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, कार्यपालक अभियंता (विद्युत), ईएसई विद्युत, कार्यपालक अभियंता आरसीडी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र तथा उप महाप्रबंधक बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक की शुरुआत महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र द्वारा सभी पदाधिकारियों के स्वागत एवं बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (बीआईआईपीपी 2025) की संक्षिप्त जानकारी से हुई। इसके पश्चात उप महाप्रबंधक, बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) द्वारा बियाडा की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
उद्योग वार्ता के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जलजमाव, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कच्चे माल एवं तैयार उत्पादों के परिवहन हेतु संपर्क पथों के चौड़ीकरण, जल निकासी की समस्या, बियाडा भूमि की दर कम करने तथा मानपुर क्षेत्र में भूमि दखल-हस्तांतरण से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिला पदाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है और उनके सुझावों व समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने बिजली विभाग को निर्देश दिया कि उद्योग वार्ता में उठाई गई सभी विद्युत संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आधारभूत संरचना से जुड़े मामलों पर भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उद्योग वार्ताएं नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, जिससे गया जिले को उद्योग एवं व्यापार के हब के रूप में विकसित किया जा सके। बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के उद्यमियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव विस्तार से रखे।


रिपोर्टर