तीनबत्ती नाका पर अवैध कब्जे के खिलाफ रिक्शा चालकों का बेमुदत आंदोलन मनपा मुख्यालय के बाहर धरना
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 09, 2026
- 58 views
भिवंडी। तीनबत्ती नाका स्थित ऑटो रिक्शा स्टैंड पर कथित अवैध कब्जे और प्रशासन की निष्क्रियता के विरोध में रिक्शा चालक-मालक यूनियन (CITU) ने सोमवार से बेमुदत आंदोलन शुरू कर दिया है। यूनियन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में रिक्शा चालक भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका मुख्यालय के गेट के सामने धरने पर बैठ गए हैं, जिससे शहर में आंदोलन को लेकर हलचल तेज हो गई है।यूनियन के अध्यक्ष कॉ. सुनील चव्हाण ने आरोप लगाया कि तीनबत्ती नाका का रिक्शा स्टैंड प्रादेशिक परिवहन विभाग (आरटीओ), ठाणे से मान्यता प्राप्त है, लेकिन जैतुनपुरा क्षेत्र के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यहां अवैध कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस चौकी के पास आरपीआई पार्टी का पत्रानुमा केबिन कार्यालय, चार पक्की लोहे की टपरियां और पांच हाथगाड़ियां लगाकर जबरन व्यवसाय किया जा रहा है। इसके अलावा रिक्शा स्टैंड की जगह पर बुलेट बाइक और चारपहिया वाहन खड़े किए जाने से रिक्शा चालकों को यात्रियों को लेने-छोड़ने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन का कहना है कि इस समस्या को लेकर भिवंडी महानगरपालिका, शहर यातायात विभाग और पुलिस प्रशासन को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं। शहर यातायात विभाग ने भी 25 नवंबर 2025 को महानगरपालिका को पत्र भेजकर अवैध कब्जा हटाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की कथित लापरवाही से नाराज रिक्शा चालकों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। सोमवार सुबह यूनियन पदाधिकारियों और चालकों ने मनपा मुख्यालय के सामने बेमुदत धरना शुरू किया। कॉ. सुनील चव्हाण ने चेतावनी दी कि जब तक रिक्शा स्टैंड से अवैध कब्जा नहीं हटाया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।उन्होंने आगे कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो मंगलवार से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा और 11 फरवरी को ऑटो रिक्शाओं के साथ महानगरपालिका का घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।


रिपोर्टर