ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई में साढ़े बारह लाख का एमडी जब्त, एक गिरफ्तार

भिवंडी। भिवंडी तालुका में ठाणे ग्रामीण के तहत स्थानीय अपराध शाखा  की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से 11 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का 58 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद किया है। इसके साथ ही आरोपी के पास से अन्य सामान सहित कुल 12 लाख 52 हजार 100 रुपये का माल जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम मोहम्मद परवेज उर्फ ​​सुफियान मोहम्मद सुल्तान अंसारी (निवासी: भिवंडी) बताया गया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, स्थानीय अपराध शाखा की भिवंडी टीम के पुलिस हवलदार हनुमान गायकर को गुप्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचने के लिए आने वाला है।

सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश पाटील, पुलिस उपनिरीक्षक रोहन शेलार और पुलिस टीम के हनुमान गायकर, उमेश ठाकरे, सुहास सोनवणे, आबिद अली सैयद, जितेंद्र वारके और जयेश मुकादम ने पोगांव इलाके में जाल बिछाया।

जैसे ही संदिग्ध मोहम्मद परवेज उर्फ ​​सुफियान अंसारी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एमडी ड्रग्स, नकद राशि, मोबाइल और वजन कांटा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट