मारपीट और घरेलू प्रताड़ना के दो अलग-अलग मामले दर्ज, आरोपियों की तलाश में पुलिस

भिवंडी। भिवंडी शहर में अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों में मारपीट और घरेलू प्रताड़ना के दो गंभीर मामले सामने आए हैं। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं।

पहला मामला भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता मानव राजेंद्र कडवे निवासी मानसरोवर, ने शिकायत दर्ज कराई कि 8 फरवरी की रात करीब पौने ग्गारह बजे फेणेगांव गेट परिसर में उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार, आरोपी करण, विनीत, पियुष उर्फ पंजाबी तथा उनके साथ मौजूद अन्य चार अज्ञात व्यक्तियों ने पुरानी रंजिश के चलते शिकायतकर्ता को रोका और गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि बीच-बचाव करने आए नारायण शर्मा को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट की।पीड़ित के अनुसार आरोपी पियुष उर्फ पंजाबी ने हाथ में चॉपर लेकर “आज तेरा गेम खत्म कर दूंगा” जैसी धमकी भी दी। इस हमले में शिकायतकर्ता घायल हो गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं सहित महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

दूसरा मामला भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने अपने पति के खिलाफ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

पुलिस के अनुसार पीडित महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति तवरेज इकबाल मांडेकर (45 वर्ष) ने 12 मई 2012 से लेकर 9 फरवरी 2026 के बीच उन्हें लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी पति ने विवाह के बावजूद दूसरी महिला से संबंध बनाए और तलाक देने का दबाव बनाते हुए धमकियां दीं। पीड़िता के मुताबिक, पति द्वारा बार-बार अपमानित करने और धमकाने के कारण उन्हें पुलिस की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दोनों मामलों में पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ितों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट