बिहार विधानसभा में रोमित कुमार ने उठाई भारत रत्न की मांग, दशरथ मांझी और श्रीकृष्ण सिंह को मिले सर्वोच्च सम्मान

 संवाददाता मनोज कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी-- बिहार विधानसभा के सदन में अतरी विधानसभा क्षेत्र के ऊर्जावान युवा विधायक रोमित कुमार ने बिहार की दो महान विभूतियों पर्वत पुरुष दशरथ मांझी एवं बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की जोरदार मांग उठाई।

उन्होंने बिहार सरकार से आग्रह किया कि इन दोनों महान हस्तियों के अतुलनीय योगदान को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार को औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान मिल सके।अपने संबोधन में विधायक रोमित कुमार ने कहा कि दशरथ मांझी ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अदम्य साहस और संकल्प का परिचय देते हुए अकेले अपने बल पर पहाड़ काटकर रास्ता बनाया। उनका यह कार्य मानव सेवा, संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति की अद्वितीय मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

वहीं श्री कृष्ण सिंह के योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने बिहार के प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण, शिक्षा के विस्तार, औद्योगिक विकास और सामाजिक सुधारों की मजबूत नींव रखी। स्वतंत्रता के बाद बिहार को विकासोन्मुख दिशा देने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है।विधायक ने कहा कि इन दोनों महान विभूतियों को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय होगा। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और युवाओं को संघर्ष, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार कर केंद्र सरकार को आवश्यक प्रस्ताव भेजेगी, जिससे इन महान व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय सम्मान मिल सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट