डिहरी आनसोन रेलवे स्टेशन पर विकास की मांग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 07, 2026
- 3 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। डीडीयू मंडल के अधिकारियों द्वारा डेहरी ऑन सोन स्टेशन के विकास कार्यों में लगातार हो रही देरी को लेकर स्थानीय सामाजिक संगठन टीम डेहरीयंस ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। संगठन के संस्थापक चंदन कुमार सिंह ने कहा कि यदि डीडीयू मंडल के अधिकारियों से डेहरी ऑन सोन में विकास कार्य नहीं हो पा रहा है, तो डेहरी ऑन सोन को नया रेलवे डिवीजन (मंडल) बनाया जाए।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित डेहरी ऑन सोन रेलवे मंडल के अधीन डेहरी ऑन सोन–गया रेलखंड, डेहरी ऑन सोन–बरवाडीह रेलखंड तथा डेहरी ऑन सोन–सासाराम–आरा रेलखंड के कई स्टेशन आ सकते हैं, जिससे क्षेत्र में रेलवे प्रशासन और विकास कार्यों में तेजी आएगी।
चंदन कुमार सिंह ने कहा कि डीडीयू–गया रेलखंड के बीच डेहरी ऑन सोन स्टेशन सबसे अधिक राजस्व और फुटफॉल वाला स्टेशन है, इसके बावजूद यहां के विकास कार्यों की स्थिति बेहद खराब है। कई परियोजनाएं वर्षों से लंबित हैं और प्लेटफार्म पर स्थित शौचालयों की नियमित सफाई तक नहीं हो रही है। यात्री सुविधाओं को लेकर टीम डेहरीयंस द्वारा दो बार धरना-प्रदर्शन भी किया जा चुका है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है।
उन्होंने कहा कि डेहरी ऑन सोन स्टेशन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट वर्षों से अधूरे पड़े हैं।
मुख्य मांगें इस प्रकार हैं—
पिछले चार वर्षों से बन रहा 12 मीटर का फुट ओवर ब्रिज (FOB) जल्द पूरा किया जाए।
स्टेशन की साफ-सफाई के लिए कम से कम 8 लाख रुपये प्रतिमाह का टेंडर किया जाए।
प्लेटफार्म 2/3 और 4/5 पर प्रस्तावित लिफ्ट लगाई जाए तथा एक लिफ्ट डालमियानगर की ओर स्थापित की जाए।
उत्तर और दक्षिण दिशा में एक-एक एस्केलेटर लगाया जाए।
प्रस्तावित तीन मंजिला भवन का निर्माण जल्द कराया जाए और सभी कार्यालय उसमें शिफ्ट किए जाएं।
जीआरपी कार्यालय को उत्तर दिशा में तथा आरपीएफ कार्यालय को दक्षिण दिशा में शिफ्ट किया जाए ताकि स्टेशन की सुरक्षा दोनों दिशाओं में मजबूत हो सके।
स्टेशन की साफ-सफाई के लिए 8 लाख रुपये प्रतिमाह की राशि स्वीकृत की जाए, जबकि सासाराम को 7 लाख और अनुग्रह नारायण रोड को 6 लाख रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं, वहीं डेहरी ऑन सोन को केवल 50 हजार रुपये मिल रहे हैं।
वाशिंग पिट का निर्माण जल्द कराया जाए।
प्लेटफार्म नंबर 1/6 का विस्तार किया जाए।
प्लेटफार्म नंबर 7/8 के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, जिसकी मांग वर्ष 2020 से की जा रही है।
डालमियानगर की ओर टिकट काउंटर, शौचालय, पार्किंग और वेटिंग हॉल का निर्माण कराया जाए, जिसकी मांग पिछले 10 वर्षों से हो रही है।
स्टेशन परिसर में प्रस्तावित 100 फीट ऊंचा तिरंगा लगाया जाए।
स्टेशन परिसर में झारखंडी महादेव मंदिर, तुतला भवानी धाम, रोहतासगढ़ किला, इंद्रपुरी डैम, जैन मंदिर, महादेव खोह, नौलखा मंदिर और चौरासन मंदिर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की तस्वीरें लगाई जाएं। उन्होंने कहा कि इनमें से कई प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं और कई मांगें 10 से 15 वर्षों से लंबित हैं। इसलिए सबसे पहले सभी परियोजनाओं के पूरा होने की समय सीमा तय की जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


रिपोर्टर