आर्थिक धोखाधड़ी के आरोप में एनसीपी ने श्रीकांत चेट्टीपेल्ली को किया निष्कासित
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Mar 17, 2026
- 15 views
भिवंडी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की भिवंडी शहर इकाई ने अपने पदाधिकारी श्रीकांत शंकर चेट्टीपेल्ली को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस संबंध में पार्टी की ओर से आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी गई। प्रेस नोट के मुताबिक, चेट्टीपेल्ली पर आम जनता के साथ आर्थिक धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप हैं। बताया गया है कि उनके खिलाफ मुंबई के बोरीवली पुलिस स्टेशन में मामला भी दर्ज किया गया था, जिसके चलते उन्हें करीब तीन महीने तक जेल में रहना पड़ा। आरोप है कि उन्होंने “श्री साई तेजा” नाम से एक संस्था बनाकर लोगों को आर्थिक रूप से ठगा। इसके बाद “भिवंडी मार्कडेय ”नामक पतसंस्था के जरिए भी कथित रूप से लोगों से धोखाधड़ी की गई, जिसे महज चार महीने के भीतर बंद कर दिया गया। पार्टी का कहना है कि चेट्टीपेल्ली के इस आचरण से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है। साथ ही आशंका जताई गई है कि वह भविष्य में नई योजनाओं के माध्यम से आम लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर सकते हैं।एनसीपी ने स्पष्ट किया है कि चेट्टीपेल्ली के किसी भी कृत्य के लिए पार्टी जिम्मेदार नहीं होगी। पार्टी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की किसी भी योजना या प्रलोभन से सतर्क रहें। राकांपा के भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष प्रवीण एस. पाटिल द्वारा इस प्रकार की प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।


रिपोर्टर