रमजान में गुलजार हुआ भिवंडी का बाजार, खरीददारों की उमड़ी भीड़

बाजारों में देर रात तक रौनक, चटोर गली में खाने के शौकीनों की भीड़


भिवंडी। रमजान के आगाज के साथ ही भिवंडी शहर के बाजारों में रौनक लौट आई है। शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों और मस्जिदों में खास चहल-पहल देखने को मिल रही है। महंगाई और आर्थिक सुस्ती के बावजूद बाजारों में खरीददारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।रमजान के चलते न केवल मस्जिदों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, बल्कि बाजारों में भी त्योहार की झलक साफ दिखाई दे रही है। ईद की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं और लोग बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। सजावटी सामान से लेकर सेहरी और इफ्तार के लिए खाद्य सामग्री तक, हर चीज की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है।कोटरगेट, धामनकर नाका, वंजारपट्टी नाका, दरगाह रोड, मंडई और थाना रोड जैसे प्रमुख बाजार क्षेत्रों में फल, सब्जियां, नमाज की चटाई, टोपी, स्कार्फ और इत्र की दुकानों पर खासा जमावड़ा देखा जा रहा है। खासतौर पर महिलाएं और बच्चे खरीदारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। रोजा और गर्मी के चलते महिलाएं दिन में कम और इफ्तार के बाद देर रात तक बाजारों में खरीदारी कर रही हैं।

चटोर गली बनी आकर्षण का केंद्र

थाना रोड से सटी मशहूर चटोर गली इन दिनों खाने-पीने के शौकीनों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां सीख कबाब, गुर्दा, कलेजी, पाया, भेजा और मालपुआ जैसे लजीज पकवानों की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींच रही है। इशा की नमाज के बाद से लेकर सेहरी तक यहां भारी भीड़ देखी जा रही है। दूर-दराज के इलाकों से भी लोग इन व्यंजनों का स्वाद लेने पहुंच रहे हैं।

पार्किंग और यातायात बना चुनौती

बाजारों में बढ़ती भीड़ के साथ ही पार्किंग और यातायात की समस्या भी गहराने लगी है। स्थानीय निवासी अख्तर काजमी के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई बाजारों में वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है, लेकिन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोग सड़कों के किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस की सुस्ती के कारण जाम और अव्यवस्था की स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।रमजान के इस पवित्र महीने में भिवंडी के बाजार जहां एक ओर रौनक और उत्साह से भरे हैं, वहीं दूसरी ओर बढ़ती भीड़ ने व्यवस्थाओं की परीक्षा भी शुरू कर दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट