मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा अभियान में लापरवाही पर सीएमओ को नोटिस जारी
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Apr 08, 2026
- 2 views
राजगढ़ । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले द्वारा बुधवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त विभागों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि नगरपालिका, नगर परिषद, नगर पंचायत राजगढ़, नरसिंहगढ़, सारंगपुर, पचौर, खिलचीपुर, तलेन, बोड़ा, कुरावर एवं खुजनेर के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप अपेक्षित कार्यवाही नहीं की गई है।
अभियान के अंतर्गत कार्यों में रुचि नहीं लिए जाने एवं अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।साथ ही अभियान में शीघ्र प्रगति लाने हेतु सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कुओं का पुनर्जीवन एवं गहरीकरण, हैंडपंपों का सुधार एवं रख-रखाव, गाद निकालने के कार्य, रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक नगरीय निकाय में अमृत मित्र बनाए जाने तथा आगामी एक सप्ताह के भीतर पूरे जिले में अधिकतम संख्या में पेयजल प्याऊ स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यों में तेजी लाएं एवं अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाएं। साथ ही प्रत्येक कार्य के पूर्व एवं पश्चात के फोटोग्राफ अनिवार्य रूप से लिए जाने एवं कार्यों की प्रगति को समय-समय पर समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।


रिपोर्टर