दिल्ली में बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या पर आक्रोश


संवाददाता पारस नाथ दुबे।  


डेहरी रोहतास।मानवाधिकार संगठन के मुख्य सचिव मनीष कुमार शरण द्वारा एक गंभीर मामले को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, नई दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार 25 अप्रैल की रात करीब 2:00 बजे दिल्ली में पुलिस सेल के हेड कांस्टेबल नीरज द्वारा खगड़िया (बिहार) निवासी पांडव नामक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मनीष कुमार शरण ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह न केवल एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या है, बल्कि मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन भी है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा देने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां हर नागरिक को किसी भी राज्य में जाकर रोजगार करने का अधिकार है। ऐसे में किसी व्यक्ति को उसकी पहचान या "बिहारी" कहकर अपमानित करना और फिर उसकी हत्या कर देना समाज में बढ़ती असहिष्णुता और मानसिक गिरावट को दर्शाता है।

बताया गया कि मृतक युवक एक साधारण परिवार से था और जोमैटो में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसके साथ पहले गाली-गलौज की गई और फिर गोली मार दी गई, जो अत्यंत निंदनीय है।

शरण ने कहा कि यदि पुलिसकर्मी ही इस तरह की घटनाओं में शामिल होंगे तो आम जनता की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो जाता है। उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट