भिवंडी मनपा में बड़ा प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक

विवादित अधिकारियों पर गिरी गाज, आयुक्त ने बदले पांच प्रभारी अफसर


भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका में एक बार फिर तबादलों का बड़ा फेरबदल किया गया है। महानगरपालिका आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) द्वारा जारी आदेश के तहत पांच प्रभारी अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें सबसे चर्चित नाम प्रभाग समिति क्रमांक-5 के प्रभारी सहायक आयुक्त सईद चिवणे का है, जिन्हें विवादों और भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच उनके मूल पद पर वापस भेजते हुए वाचनालय विभाग में क्लर्क बना दिया गया है।

पालिका प्रशासन के इस फैसले को बड़े प्रशासनिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हाल ही में हुई महासभा में सईद चिवणे के कामकाज और कथित भ्रष्टाचार को लेकर तीखी चर्चा हुई थी। इसके बाद से ही उनके खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही थी। अब आयुक्त के आदेश के बाद उन्हें प्रभारी सहायक आयुक्त पद से हटाकर मूल पद पर भेज दिया गया है।

तबादला आदेश के अनुसार, प्रभाग समिति क्रमांक-1 और 2 के जलापूर्ति विभाग में कार्यरत उप अभियंता उद्धव गावडे की नियुक्ति बांधकाम विभाग में उप अभियंता पद पर की गई है। इसके साथ ही उन्हें 100 एमएलडी पानी पुरवठा योजना और वाराला देवी तालाब संवर्धन योजना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उद्धव गावडे के रिक्त पद पर प्रभाग समिति क्रमांक-1 के बांधकाम विभाग के उप अभियंता वसीम शेख की नियुक्ति की गई है। वहीं शहर विकास विभाग के अनधिकृत बांधकाम पथक प्रमुख अरविंद घुगरे को प्रभाग समिति क्रमांक-4 का प्रभारी सहायक आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा प्रभाग समिति क्रमांक-4 के सहायक आयुक्त गिरीष घोष्टेकर को कर मूल्यांकन विभाग प्रमुख का अतिरिक्त जिम्मा देते हुए प्रभाग समिति क्रमांक-5 के प्रभारी सहायक आयुक्त पद का अतिरिक्त चार्ज भी सौंपा गया है।महानगरपालिका में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी कार्यप्रणाली और विभागीय नियंत्रण मजबूत करने की कवायद माना जा रहा है। वहीं सईद चिवणे की पदावनति को लेकर पालिका गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट