सोमवार को बेलांव बाजार को कराया गया अतिक्रमण मुक्त

संवाददाता सूचित पांडेय की रिपोर्ट 

रामपुर(कैमूर)-- बिहार सरकार के निर्देश पर सोमवार को बेलांव बाजार में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त सीओ अनु कुमारी की मौजूदगी में बिहार सरकार की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन से हटाया गया। इस अभियान के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।

जानकारी के अनुसार, बिहार सरकार की जमीन पर 125 से अधिक लोगों ने गुमटी, ठेला, टेंट और अस्थायी दुकानें लगाकर कारोबार शुरू कर दिया था। इनमें सब्जी, जूता-चप्पल, पान, मांस-मछली और चाय-नाश्ता जैसी कई प्रकार की दुकानें शामिल थीं। कुछ दुकानदारों ने बारिश और धूप से बचाव के लिए दुकान के आगे एलेस्टर भी लगा रखे थे।सीओ अनु कुमारी ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पिछले गुरुवार को ही ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से चेतावनी दी गई थी। उन्हें शनिवार तक सरकारी भूमि खाली करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, प्रशासनिक कारणों से यह अभियान सोमवार को चलाया गया। इस संबंध में अखबारों के माध्यम से भी लोगों को पहले ही सूचित किया गया था। चेतावनी के बाद कई लोगों ने अपना सामान स्वयं हटा लिया, लेकिन जिन्होंने कब्जा नहीं हटाया था, वहां जेसीबी चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।

सीओ ने स्पष्ट किया कि जेसीबी से अतिक्रमण हटाने में जो खर्च आया है, उसकी वसूली संबंधित अतिक्रमणकारियों से की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि दोबारा कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन अब ग्रामीण हाट विकसित करने की तैयारी कर रहा है, जहां छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित रूप से जगह उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण बेलांव बाजार में अक्सर जाम लगता था, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी होती थी। अभियान के दौरान बेलांव थानाध्यक्ष परमहंस कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट