थानों में बेहतर व्यवहार और त्वरित न्याय पर दिया जा रहा प्रशिक्षण


संवाददाता पारसनाथ दूबे 


डेहरी रोहतास। पुलिस अधीक्षक रोहतास रौशन कुमार के निर्देश पर आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान को लेकर डेहरी पुलिस लाइन में जिले के थाना प्रभारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षण डीएसपी समीर कुमार सिंह एवं डेहरी अंचल पुलिस निरीक्षक शेर सिंह यादव द्वारा किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि थानों में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। साथ ही प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को बताया गया कि यदि किसी मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने की आवश्यकता हो तो तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर शीघ्र प्राथमिकी दर्ज की जाए।

प्रशिक्षण में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि बिना पर्याप्त साक्ष्य के किसी भी आवेदन पर जल्दबाजी में प्राथमिकी दर्ज न की जाए। पहले आवेदन की जांच की जाएगी और जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में आरोपों के समर्थन में साक्ष्य नहीं मिलते हैं तो संबंधित मामले में कोई कार्रवाई नहीं होगी। इससे झूठे एवं बेबुनियाद मामलों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा निर्दोष लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी।

प्रशिक्षण में यह भी स्पष्ट किया गया कि आम नागरिक किसी भी थाना में जाकर अपनी प्राथमिकी दर्ज करा सकते हैं। यदि घटना किसी अन्य थाना क्षेत्र की हो तो संबंधित थाना द्वारा प्राथमिकी को उचित थाने में अग्रसारित (फॉरवर्ड) किया जाएगा। फरियादियों को अनावश्यक रूप से एक थाना से दूसरे थाना का चक्कर नहीं लगवाया जाएगा।

इसके अलावा बिना पर्याप्त साक्ष्य वाले आवेदनों की जांच कर 14 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के लगभग सैकड़ों पुलिस पदाधिकारी एवं अनुसंधानकर्ता भाग ले रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना, शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना तथा वास्तविक पीड़ितों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट