कैमूर में आर्मी जवान की मौत पर फूटा जनआक्रोश, NH-319A जाम, SP के आश्वासन के बाद हटा जाम
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 18, 2026
- 7 views
ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहुका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की लखनऊ स्थित आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 9 सितंबर को जमीन के पैसों के विवाद में पेट्रोल डालकर आग लगाने के आरोप में गंभीर रूप से झुलसे शत्रुघ्न यादव का पहले वाराणसी और बाद में लखनऊ के मिलिट्री अस्पताल में इलाज चल रहा था। 16 सितंबर की रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान की मौत की खबर मिलते ही सहुका गांव सहित आसपास के इलाकों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और रामगढ़ के दुर्गा चौक के पास प्रदर्शन करते हुए NH-319A को जाम कर दिया।
ग्रामीण मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी। जवान की मौत के बाद यह नाराजगी और बढ़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैमूर के एसपी शिखर चौधरी रामगढ़ पहुंचे।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और मृतक के परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत की। पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने दुर्गा चौक से जाम हटा लिया। इसके बाद NH-319A पर यातायात बहाल हो सका। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर