हरित कैमूर, स्वच्छ कैमूर: विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला पदाधिकारी ने महादलित टोला में किया पौधारोपण

एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत जिलेवासियों की पर्यावरण संरक्षण की अपील`

संवाददाता रूपेश कुमार दूबे की रिपोर्ट 

कैमूर--- विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन, कैमूर द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए एक विशेष पहल की गई। इसके तहत सीवों पंचायत स्थित महादलित टोला में एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जिला पदाधिकारी कैमूर नितिन कुमार सिंह ने खुद अपने कर-कमलों से पौधा लगाकर किया।

पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान

बता दें कि पौधारोपण के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने पर्यावरण की महत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि "पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विशेष दिवस या औपचारिकता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हम में से प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।" बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन के खतरों और घटते प्राकृतिक संसाधनों का जिक्र करते हुए उन्होंने आम जनता से व्यापक जागरूकता फैलाने का अनुरोध किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वृक्षारोपण न केवल आज के पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए जरूरी है, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सौंपने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है।

"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ने की अपील

वही कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने माननीय प्रधानमंत्री और माननीय मुख्यमंत्री की दूरदर्शी प्रेरणा से संचालित "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने जिले के तमाम नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपने जीवन के विशेष अवसरों (जैसे जन्मदिन, वर्षगांठ आदि) पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी संतान की तरह देखभाल करें।

ग्रामीणों और अधिकारियों ने लिया संकल्प

वही इस मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। सभी ने न केवल अधिक से अधिक पौधे लगाने बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करने का भी सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कैमूर के पर्यावरण संरक्षण को एक 'जन-आंदोलन' बनाने की प्रतिबद्धता जताई। आपको बताते हुए चलें कि इस विशेष अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के आला अधिकारी, प्रबुद्ध जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। 

वही जिला पदाधिकारी ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि 


"पेड़ लगाएँ, पर्यावरण बचाएँ — हरित कैमूर, स्वच्छ कैमूर का निर्माण करें।"

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट