शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 13, 2026
- 3 views
रोहतास । जिला पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 6 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से 6 मोबाइल फोन और एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 जून 2026 को धौधाड़ थाना क्षेत्र में राजस्थान से आए एक युवक पक्ष को शादी कराने के नाम पर बुलाया गया था। आरोप है कि गिरोह ने युवक पक्ष से ऑनलाइन माध्यम से करीब डेढ़ लाख रुपये प्राप्त कर विवाह की रस्म पूरी कराई। इसके बाद लड़की को धौधाड़ बाजार के आगे एक सुनसान स्थान पर ले जाकर मोटरसाइकिल से जबरन भगाने की कोशिश की गई।
जब युवक पक्ष ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कम लिंगानुपात वाले राज्यों के अविवाहित युवकों को शादी का झांसा देकर बुलाता था। फर्जी विवाह कराने के बाद गिरोह के सदस्य लड़की, नकदी, गहने और अन्य सामान लेकर फरार हो जाते थे।
इस मामले में राजस्थान के सिरोही जिले के निवासी छगनलाल के आवेदन पर धौधाड़ थाना कांड संख्या 53/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने 10 नामजद एवं 4-5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


रिपोर्टर