डेहरी में स्वर्गीय इंजीनियर ललन सिंह की सप्तम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 15, 2026
- 41 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)।क्षेत्र में ‘गार्जियन’ के नाम से विख्यात रहे स्वर्गीय इंजीनियर ललन सिंह की सप्तम पुण्यतिथि शुक्रवार को श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। कैनल रोड स्थित इंजीनियर ललन सिंह एक्सपोर्टिंग क्लब में श्रद्धांजलि सभा सह प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने अपने पिता स्व. ललन सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि पिता के अधूरे सपनों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
“पुत्र बड़े पिता के धर्मे” को चरितार्थ कर रहे सोनू सिंह
समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी संजय सिंह उर्फ बाला जी ने कहा, “पुत्र बड़े पिता के धर्मे, खेती उपजे अपना कर्मे” की कहावत को विधायक राजीव रंजन सिंह चरितार्थ कर रहे हैं। स्वर्गीय ललन सिंह ने जीवनभर समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए काम किया। उनके बाद विधायक सोनू सिंह उसी मार्ग पर चलते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे हैं।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राजीव रंजन सिंह, उनकी धर्मपत्नी एवं पूर्व जिला पार्षद नीतू सिंह तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी ने स्वर्गीय ललन सिंह के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
ये गणमान्य रहे मौजूद
श्रद्धांजलि सभा में दिनारा विधायक आलोक सिंह, विनोद सिंह, डेहरी अनुमंडल विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष मनोज अज्ञानी, पूर्व अध्यक्ष उमाशंकर पांडेय उर्फ मुटुर पांडेय, अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, मधु उपाध्याय, कालेन्द्र प्रताप वर्मा, संजय पासवान, विधायक प्रतिनिधि अरुण शर्मा, दीपक शर्मा समेत कई राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी एवं शहर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्वर्गीय इंजीनियर ललन सिंह को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे सिर्फ एक इंजीनियर नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के अभिभावक थे। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।


रिपोर्टर