हरे रामा-हरे कृष्णा के जयघोष से गूंज उठा मां शीला भवन


संवाददाता पारस नाथ दुबे


डेहरी-ऑन-सोन, रोहतास।रोहतास जिले में ‘गार्जियन’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय इंजीनियर ललन सिंह की सप्तम पुण्यतिथि श्रद्धा, संकल्प और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाई गई। इस अवसर पर डेहरी स्थित मां शीला भवन में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरे परिसर में "हरे रामा हरे कृष्णा, राम राम हरे हरे" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पुण्यतिथि के अवसर पर स्व. ललन सिंह के पुत्र एवं डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह, उनकी पत्नी पूर्व जिला पार्षद नीतू सिंह तथा परिवार के सदस्य सौरभ सिंह, सुरभि सिंह, सुरुचि सिंह, आरती सिंह, माला सिंह, अश्वनी सिंह और निरंजन सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन किया। इसके बाद बारह घंटे का अखंड हरिकीर्तन आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

अखंड हरिकीर्तन में अकोढ़ीगोला, बहुरी बिगहा, चंदा बिगहा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए कीर्तन मंडली के कलाकारों ने पूरी रात भजनों की अमृतवर्षा की। व्यास परमानंद यादव, संतोष कुमार, संजय यादव तथा ढोलक वादक ददन पासवान समेत दो दर्जन से अधिक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर उपस्थित श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।

इस अवसर पर विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने कीर्तन मंडली एवं आगंतुक अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्व. इंजीनियर ललन सिंह ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, शिक्षा और जनकल्याण के लिए समर्पित कर दिया था। गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता करना उनकी पहचान थी।

विधायक ने कहा, “पिताजी भले ही आज शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, आदर्श और आशीर्वाद सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का सपना साकार किया जा सकता है।”

कार्यक्रम में डेहरी अनुमंडल विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष मनोज अज्ञानी, अधिवक्ता अमरनाथ सिंह, संजय गुप्ता, कुंवर सिंह, विधायक प्रतिनिधि अरुण शर्मा, दीपक शर्मा, सोना कुमारी, आराध्या कुमारी, प्रमोद महतो सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

*प्रतिभा सम्मान भी आयोजित*

गौरतलब है कि स्व. इंजीनियर ललन सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब में श्रद्धांजलि सभा सह प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जहां क्षेत्र के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट