आशिर्वाद होटल से चार साइबर ठग गिरफ्तार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 04, 2026
- 3 views
रोहतास। सासाराम के काली-स्थान स्थित आशीर्वाद होटल में ठहरे साइबर गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस संदर्भ में एक प्रेसवार्ता कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सासाराम-1 विप्लव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधियों से पूछताछ के क्रम में यह बात उभरकर सामने आयी कि ये आसपास के जिलों के लोगों को पैसे का लालच देकर उनके बैंक खाता प्राप्त कर साइबर फ्रॉड में प्रयोग करने हेतु अपने ऊपर के गिरोह को भेज देते हैं। इसके बदले इन्हें साइबर फ्रॉड से प्राप्त होने वाली कुल राशि का 2.5 प्रतिशत कमीशन मिलता है। इन सभी के पास से बरामद मोबाइल के तकनीकी साक्ष्य के आधार पर चार बैंक खाता एवं दो कॉरपोरेट खाता का आईडी प्राप्त हुआ, जिसके संदर्भ में चेन्नई एवं अन्य 17 मामले विभिन्न राज्यों में दर्ज पाया गया। इस कांड में गिरफ्तार भभुआ के आदित्य राज, रोहतास के बघईला थानाक्षेत्र के कारन गाँव निवासी अमन कुमार, धौडाड़ थाना के धनकाढ़ा निवासी आदित्य कुमार उर्फ हेमंत तथा नोखा थाना के सलेमपुर गाँव निवासी राजकुमार उर्फ शुभम कुमार शामिल हैं। इन अपराधियों के पास से पुलिस ने चार मोबाइल भी बरामद किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस की एक बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इनकी गिरफ्तारी से जिले में होने वाले साइबर फ्रॉड को रोकने में पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा सकती है।


रिपोर्टर