नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों से लाखों रूपये की ठगी करने वाला जालसाज गिरफ्तार


रोहतास। स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक कथित जालसाज को कोचस और करगहर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया। मामले का खुलासा विभिन्न थानों में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर हुआ।


थाना क्षेत्र के शाहमल खैरा ग्राम पंचायत के गर्भे निवासी सुधीर कुमार ने बताया कि उसकी बहन को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर आरोपी ने 19 जून को 25 हजार रुपये अग्रिम राशि और शैक्षणिक प्रमाणपत्र ले लिए। आरोपी ने खुद को उनके मामा के घर का रिश्तेदार बताते हुए विश्वास में लिया और दो लाख रुपये में नौकरी दिलाने की बात तय की। बताया कि दो दिन बाद जब नौकरी के संबंध में जानकारी मांगी गई तो आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।


करगहर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि इसी तरह का एक मामला कोचस थाने में भी दर्ज है। वहां की पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कोचस बाजार में छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद कोचस और करगहर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और पीछा करते हुए नादो गांव के समीप से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के दियरा थाना क्षेत्र के अरैला गांव निवासी अनुज प्रताप सिंह के रूप में हुई। जांच में वह कोचस और करगहर थानों में दर्ज ठगी के मामलों का आरोपी पाया गया।बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही, ठगी गई राशि की बरामदगी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट