65 पंचायतों में लगा सहयोग शिविर


रोहतास। जिले के 65 पंचायतों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभुकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन दिये,जिनका मौके पर ही निष्पादन करते हुए कई समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया।

नोखा प्रखंड के धर्मपुरा एवं कदवा पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त ने की। वही रोहतास प्रखंड के रसूलपुर एवं रोहतासगढ़ पंचायत भवन में अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में शिविर आयोजित हुआ। जिले की अन्य पंचायतों में भी विभिन्न जिलास्तरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में शिविर का संचालन किया गया। इसके साथ ही नगर निकाय क्षेत्रों में भी 32 वार्डों में वार्डवार सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड,विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र तथा शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लाभुकों को तत्काल राहत प्रदान की गयी। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।

डीपीआरओ आशीष रंजन ने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 8758 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 7592 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है,जबकि शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का पारदर्शी,गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी शिकायतें दर्ज करायी जा सकती हैं,उसका समाधान भी शीघ्र ही सुनिश्चित किया जा सकेगा। शिविर में अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किये जा रहे हैं,जहाँ विभिन्न विभागों की सेवायें एक ही स्थान पर उपलब्ध करायी जा रही हैं। इससे लोगों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं तथा सरकारी सेवाओं की पहुँच भी अधिक प्रभावी हो रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट