डीएम के जनता दरबार में पहुंचे 14 मामले


रोहतास। जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र के द्वारा अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया,जिसमें कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए। जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित जाँच एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। इस दौरान नटवार थाना क्षेत्र के तेनुअज गाँव निवासी अमित राय उर्फ अमित कुमार ने सत्यप्रकाश राय से जान-माल के खतरे का हवाला देते हुए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने जाँच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया, जबकि नोखा प्रखंड के सिसिरता गाँव निवासी सुनीता देवी ने अपनी निजी भूमि में जबरन करहा खोदे जाने की शिकायत दर्ज करायी। इस मामले में जिला पदाधिकारी ने तत्काल जाँच कर आवश्यक कार्रवाई करने हेतु अंचलाधिकारी,नोखा को निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त सासाराम थाना क्षेत्र के इंद्रहियाँ करूप निवासी प्रेमनाथ तिवारी ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। जिला पदाधिकारी ने मामले का अविलम्ब जाँच कर निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी,सासाराम को निर्देशित किया। इस दौरान प्राप्त अन्य सभी आवेदनों को भी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को शीघ्र निष्पादन के लिए भेजते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाय।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट