राजगढ़ में कुर्सी पर बैठे-बैठे 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

राजगढ़ । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर बस स्टैंड पर एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक एक दुकान पर चाय पीने के लिए रुका था उसने चाय का ऑर्डर दिया और कुर्सी पर बैठ गया। कुर्सी पर बैठते ही उसकी तबीयत बिगड़ी और वो जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसका वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कुर्सी पर बैठा और कुछ ही पलों में थमी सांसें

सारंगपुर बस स्टैंड पर गुरुवार को एक युवक की चाय की दुकान पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

युवक दुकान पर पहुंचा और पानी की बोतल खरीदी व चाय का ऑर्डर दिया। चाय पीने के लिए वो कुर्सी पर बैठा था। तभी उसकी तबीयत बिगडी और मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। मृतक की शिनाख्त 32 वर्षीय रामबाबू मोग्या के तौर पर हुई है जो कि मुगलखेड़ी गांव का रहने वाला था।

इंदौर में पत्नी से मिलकर लौट रहा था

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रामबाबू की पत्नी उससे अलग रहती है और वो पत्नी से मिलने के लिए इंदौर गया था। वहां से लौटते वक्त बस स्टैंड पर चाय पीने के लिए रुका था। पुलिस को मृतक की जेब से ईसीजी की पर्ची भी मिली है जिससे अंदेशा है कि कार्डियक अरेस्ट से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने पुलिस ने बताया है कि रामबाबू शराब पीता था और बीमार चल रहा था। दो दिन पहले ही उसने हृदय संबंधी जांच भी कराई थी।

वीडियो वायरल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रामबाबू की कुछ ही पलों में मौत होने की घटना पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हुई है, जिसका वीडियो तेजी से शुक्रवार को वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि युवक कुछ क्षण पहले तक पूरी तरह सामान्य दिखाई दे रहा था।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट