जर्जर भवन बना खतरे की घंटी, दुर्गावती पावर सब स्टेशन पर मंडराया बड़ा संकट
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 31, 2026
- 4 views
संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती (कैमूर)---- दुर्गावती स्टेशन रोड स्थित पावर सब स्टेशन का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बुधवार देर रात भवन की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे पूरी इमारत की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत या नए भवन की व्यवस्था नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इसी सब स्टेशन से दुर्गावती बाजार, चोगड़ा और पिपरिया फीडर के माध्यम से लगभग 35 गांवों के अलावा प्रखंड कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और दुर्गावती थाना को बिजली आपूर्ति की जाती है। भवन की खराब स्थिति के कारण कर्मचारियों को अंदर काम करने में डर लग रहा है और वे अस्थायी टेंट लगाकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं।
बताया जाता है कि नए भवन के निर्माण का मामला लंबे समय से अटका हुआ है। जिस जमीन पर सब स्टेशन संचालित हो रहा है, उससे जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है। इसी वजह से कंपनी प्रबंधन नए निर्माण की अनुमति नहीं दे रहा है और विभाग भी कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक सतीश यादव (चिंटू), अंचलाधिकारी तथा बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। विधायक ने बिजली विभाग के सीएमडी और कैमूर के जिलाधिकारी से बातचीत कर स्थिति से अवगत कराया। फिलहाल कंपनी प्रबंधन की सहमति से गिरी हुई दीवार की अस्थायी मरम्मत कर छत को सहारा देने की तैयारी की जा रही है, ताकि बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द स्थायी समाधान निकालने तथा नए भवन के निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ-साथ हजारों उपभोक्ताओं की बिजली व्यवस्था भी गंभीर संकट में पड़ सकती है।


रिपोर्टर