डीएम, एसपी एवं डीएफओ की संयुक्त अध्यक्षता में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स एवं डिजिटल ब्लॉगर्स के साथ बैठक आयोजित


रोहतास। रविवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स एवं डिजिटल ब्लॉगर्स के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से जिले में सकारात्मक बदलाव लाना, रोहतास के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देना और भ्रामक, आपत्तिजनक एवं अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर प्रभावी रोक लगाना रहा।


जिला पदाधिकारी ने कहा कि रोहतास जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। रोहतासगढ़ किला में जल्द ही होम-स्टे की सुविधा शुरू की जाएगी। साथ ही जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि पर्यटकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन आसानी से मिल सके।

उन्होंने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के साथ-साथ स्थानीय लोगों की भी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान की शुरुआत मां तुतला भवानी ईको-पर्यटन स्थल से की जाएगी। अभियान के दौरान पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।


वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा कि रोहतास की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना हम सबकी जिम्मेवारी है। बताया कि मांझर कुंड में 50 रुपये का वापसी योग्य ईको-डिपॉजिट सिस्टम लागू किया जाएगा। पर्यटकों से जमा कराई गई राशि उन्हें वापसी के समय प्लास्टिक युक्त कचरा वापस करने पर लौटा दी जाएगी। इसका उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर प्लास्टिक कचरे को कम करना एवं स्वच्छता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रशासन के प्रयास तभी सफल होंगे, जब पर्यटक एवं स्थानीय लोग भी अपनी जिम्मेदारी समझें और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है। वन्यजीवों, पर्यावरण एवं पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस निर्देश का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।


पुलिस अधीक्षक ने साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करन को कहा। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स एवं डिजिटल ब्लॉगर्स से अपील की कि किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से पहले उसका सत्यापन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि अफवाह या अपुष्ट सूचना साझा करने के बजाय संबंधित मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर ही उसे लोगों तक पहुंचाया जाए। बैठक में सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग, पर्यटन प्रचार, स्वच्छता, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में प्रभारी पर्यटन पदाधिकारी विनय प्रताप, उद्योग महाप्रबंधक आशीष रंजन, सोशल मीडिया से अंकित कुमार मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट