6वीं राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप में रोहतास का शानदार प्रदर्शन, दो रजत पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 10, 2026
- 2 views
रोहतास।राजेंद्र नगर खेल भवन, पटना में आयोजित 6वीं राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप 2026 में रोहतास जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में जिले के करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें रोहतास के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया।
गतका जिला कोच सुधाकर कुमार (रितेश मिश्रा) के नेतृत्व में रोहतास की टीम ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया और जिले की झोली में दो रजत पदक डालने में सफलता हासिल की।
अंडर-25 वर्ग में करूप-बभनी पंचायत निवासी शालू सिंह राजपूत, पिता अनिल सिंह, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फरी सोटी स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। शालू सिंह राजपूत ने लगातार दूसरी बार राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में पदक जीतकर रोहतास जिले का गौरव बढ़ाया है।
वहीं अंडर-30 वर्ग में नजम खान, पिता नूर आजम खान, ने पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया और सिंगल सोटी स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
गतका संघ के अध्यक्ष सैयद शाकिर इमाम ने दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं गतका सचिव शालू कुमारी ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन की आधिकारिक घोषणा अभी होना बाकी है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर समाजसेवी सत्यानंद कुमार, पूर्व प्रधानाचार्य जंगलेशपुरा तथा जीवन उत्सव पब्लिक स्कूल के मिथिलेश कुमार ने भी खिलाड़ियों, जिला कोच एवं पूरी टीम को बधाई दी और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
जिला कोच सुधाकर कुमार (रितेश मिश्रा) ने कहा कि रोहतास जिले के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उचित प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर जिले के खिलाड़ी राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है कि रोहतास गतका के क्षेत्र में लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।


रिपोर्टर