डीएम की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वयक बैठक आयोजित


रोहतास। जिला समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय बैठक आयोजित की गयी। बैठक में उपस्थित सभी विभाग के पदाधिकारी से क्रमानुसार उनके विभाग में लंबित कार्य के निष्पादनार्थ अंतर्विभागीय सहयोग हेतु चर्चा की गयी। समीक्षा बैठक में जिला पदाधिकारी के द्वारा विधि शाखा से प्राप्त प्रतिवेदन में लंबित सीडब्लूजेसी तथा एमजेसी वादों के निष्पादन की समीक्षा की गयी, जिसमें सर्वाधिक लंबित मामलों में अंचल अधिकारी,सासाराम, कोचस,डेहरी,शिवसागर,दिनारा एवं बिक्रमगंज,अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम तथा बिक्रमगंज,जिला सहकारिता पदाधिकारी,अपर समाहर्ता,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी,डीपीओ आईसीडीएस आदि से लंबित उक्त सीडब्लूजेसी तथा एमजेसी वादों में माननीय न्यायालय में प्रतिशपथ दायर करने हेतु निर्देशित किया गया। इस संदर्भ में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इस सप्ताह में न्यूनतम 30 मामलों में प्रतिशपथ दायर कर जिला विधि शाखा को सूचित किया जाय। इस दौरान जिला पदाधिकारी के द्वारा सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की भी समीक्षा की गयी और सभी पदाधिकारियों को ससमय और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में जनता दरबार,सीपीजीआरएएम, सीएम डैशबोर्ड इत्यादि से भी प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया। 

समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी के द्वारा सभी नगर निकाय में एसटीपी,एमआरएफ वेंडिंग जोन इत्यादि निर्माण हेतु सभी संबंधित अंचल अधिकारी को एक सप्ताह के अंदर वांछित भूमि का अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। आपदा प्रबंधन की समीक्षा में सभी अनुमंडल पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया कि विगत 2 से 3 साल से पुराने मुआवजा संबंधित मामलों को त्वरित निष्पादित करते हुए लाभार्थियों को लाभ पहुँचाया जाय। इसके अतिरिक्त उपस्थित सभी पदाधिकारियों यथा- कार्यपालक अभियंता,भवन प्रमंडल,कार्यपालक अभियंता, एलइओ-01,कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल रोहतास, बिक्रमगंज, कार्यपालक अभियंता,पीएचइडी, कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई तथा सिविल सर्जन इत्यादि द्वारा क्रमवार अंतर-विभागीय समस्या के तहत जमीन उपलब्धता संबंधी बातें बतायी गयीं,जिनके आलोक में संबंधित अंचल अधिकारी तथा अपर समाहर्ता, रोहतास को आपसी समन्वय स्थापित कर संबंधित विभाग को भूमि उपलब्ध कराने और समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया गया। इस संदर्भ में अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी के द्वारा भी सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एक सप्ताह के अंदर सभी विभाग के पदाधिकारियों के द्वारा किये गये पत्राचार के आलोक में भवनों के निर्माण,योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु वांछित भूमि उपलब्ध कराया जाय। इसके अलावे बैठक में सभी विभाग की योजनाओं के प्रगति प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गयी और संबंधित पदाधिकारी को कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही निर्देशित किया गया की अगली साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अपने विभाग के समस्या बिंदुओं को उल्लेख करते हुए अंतर्विभागीय सहयोग के संदर्भ में पीपीटी तैयार कर उपलब्ध कराया जाय। इस बैठक में उप विकास आयुक्त,अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर आयुक्त,नगर निगम सासाराम, निदेशक डीआरडीए, सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी आपूर्ति पदाधिकारी, सभी कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय,रोहतास आदि भी शामिल हुए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट