9 से 17 अगस्त तक मनाया जा रहा ‘हर घर तिरंगा अभियान’


रोहतास। जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र के निर्देशानुसार जिले में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जिलेवासियों में राष्ट्रभक्ति,राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश के प्रति कर्तव्यों की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के प्रथम दिन 9 अगस्त को जिले के सभी पंचायतों की पंचायत सरकार भवनों में पंचायती राज विभाग के माध्यम से तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी,कार्यपालक सहायक, मुखिया,सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

अभियान के दूसरे दिन 10 अगस्त को शिक्षा विभाग के नेतृत्व में जिले के सभी विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच रंगोली प्रतियोगिता,झंडा बनाओ प्रतियोगिता तथा पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गयी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व तथा देश के प्रति उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम,एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के महत्व के बारे में जानकारी दी गयी। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित होने का संकल्प लिया। जिले में आगामी 17 अगस्त तक विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के सहयोग से अभियान से संबंधित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की गयी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट