IAS आकांक्षा आनंद ने संभाला DDC का पदभार
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 31, 2026
- 4 views
रोहतास। जिले के विकास कार्यों को नई दिशा देने की जिम्मेदारी अब 2023 बैच की IAS अधिकारी आकांक्षा आनंद के कंधों पर होगी। सोमवार को उन्होंने रोहतास की नई उप विकास आयुक्त (DDC) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान डीडीसी विजय कुमार पांडेय से कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद आकांक्षा आनंद ने कहा कि जिले में संचालित विकास योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
नई डीडीसी ने अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर प्रशासनिक कार्यों को गति देने की बात कही। उन्होंने विकास योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को महत्वपूर्ण बताया।
इधर, निवर्तमान डीडीसी विजय कुमार पांडेय ने आकांक्षा आनंद को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के दौरान जिले के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी नई डीडीसी का स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
नई डीडीसी के पदभार संभालने के साथ ही जिले में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों में समन्वय को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।


रिपोर्टर