डीएम एसपी की ऊपस्थिती में जिला शांति समिति का बैठक संपन्न


रोहतास। आगामी दुर्गापूजा,दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक हुई सम्पन्न। बैठक में सासाराम,नोखा तथा डेहरी के विधायक,तीनों अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,स्थानीय जनप्रतिनिधिगण,शांति समिति के सदस्य,पूजा समिति और मुहर्रम समिति के प्रतिनिधि सहित अन्य  पदाधिकारी रहे उपस्थित। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि आगामी पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की अपील की। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को पर्व से पूर्व सभी प्रमुख पूजा स्थलों,जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति,निर्बाध विद्युत आपूर्ति,पर्याप्त पेयजल उपलब्धता एवं आवश्यकतानुसार टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। ध्वनि विस्तारक यंत्र,लाउडस्पीकर एवं डीजे के उपयोग को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिये गये। जिला पदाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पूर्णतः पालन करना अनिवार्य होगा। डीजे एवं अनधिकृत अथवा अत्यधिक ध्वनि वाले ध्वनि उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। पूजा समितियों से अपील की गयी कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा एवं अन्य नियमों का पालन करते हुए ही कार्यक्रम आयोजित करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रमुख पूजा स्थलों,भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं आवश्यकतानुसार महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने की व्यवस्था पर भी चर्चा की गयी। जिला पदाधिकारी ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे पूजा पंडालों एवं आयोजन स्थलों पर अग्नि सुरक्षा,विद्युत सुरक्षा,प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था,भीड़ नियंत्रण, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करेंगे। पूजा समितियों को आयोजन से संबंधित निर्धारित अनुमति एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया। बैठक में जुलूस एवं विसर्जन मार्गों की स्थिति, यातायात व्यवस्था,प्रकाश व्यवस्था,साफ-सफाई,पेयजल, चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गयी। प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि शांति एवं सौहार्द बनाये रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा विवाद की स्थिति में लोग स्वयं कानून हाथ में न लें तथा तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को इसकी सूचना दें। सोशल मीडिया पर भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से बचने की अपील की गयी।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों द्वारा प्रशासन को पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट