रिल्स बनाने के दौरान करमचट डैम में डूबे 15 वर्षीय युवक का 42 घंटे बाद मिला शव

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर-- जिले के करमचट थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गावती जलाशय, जिसे करमचट डैम के नाम से भी जाना जाता है, रक्षाबंधन के दिन नहाने और रिल्स बनाने के दौरान डूबे 15 वर्षीय किशोर का शव करीब 42 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरा गांव निवासी महेंद्र बिंद के 15 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि रक्षाबंधन के मौके पर रोहित कुमार अपने दोस्तों के साथ करमचट डैम घूमने पहुंचा था। इसी दौरान सभी दोस्त डैम के पानी में नहाने लगे और रिल्स बनाने लगे। नहाने और रिल्स बनाने के दौरान रोहित अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना तत्काल करमचट थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। काफी मशक्कत के बावजूद पहले दिन रोहित का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

इसके बाद युवक की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पानी की गहराई और जलाशय के बड़े क्षेत्रफल के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक लगातार खोजबीन के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका।

इसी बीच रविवार की सुबह करीब 6 बजे डैम के पानी के किनारे रोहित का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव पर नजर पड़ते ही मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया।

शव की पहचान परिजनों द्वारा रोहित कुमार के रूप में की गई। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि युवक के डैम में डूबने की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसके बाद युवक की लगातार तलाश की जा रही थी। रविवार की सुबह करीब छह बजे युवक का शव पानी के किनारे तैरता हुआ बरामद किया गया।


थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भभुआं सदर अस्पताल भेज दिया।

करमचट डैम में हुए इस हादसे ने एक बार फिर जलाशयों और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर युवाओं और किशोरों द्वारा गहरे पानी में उतरकर नहाने, सेल्फी लेने और सोशल मीडिया के लिए रिल्स बनाने के दौरान सावधानी नहीं बरतने से इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं।

रक्षाबंधन जैसे त्योहार के मौके पर दोस्तों के साथ घूमने निकले रोहित के लिए यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ। जिस डैम पर वह दोस्तों के साथ खुशियां मनाने और रिल्स बनाने पहुंचा था, वहीं से करीब 42 घंटे बाद उसका शव बरामद हुआ।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के गांव लोहरा सहित आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट