रुपया दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गैंग का सरगना गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 04, 2026
- 49 views
नकली नोट, विस्फोटक सामग्री, कार व मोबाइल बरामद; आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
बरसठी (जौनपुर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन समग्र के तहत बरसठी पुलिस ने रुपये दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से नोट के आकार के कागज पर लेप लगा 22 अदद तीव्र विस्फोटक पदार्थ, आरबीआई के लोगो व 500 रुपये के नोट से मिलते-जुलते रंग का कटिंग कागज, कार, मोबाइल फोन और 2,230 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय कुमार चौधरी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव पुलिस टीम के साथ तीन अक्टूबर की रात चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तिराहे पर कार संख्या यूपी 66 एएफ 5157 को रोककर चालक की तलाशी ली गई। चालक ने अपना नाम सचिन उपाध्याय (33) पुत्र गुलाब शंकर उपाध्याय, निवासी ग्राम अबरना, थाना सुरियावां, जनपद भदोही बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को रात करीब 11:55 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को रुपये दोगुना करने का झांसा देता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरबीआई के लोगो और 500 रुपये के नोट से मिलते-जुलते रंग के कटिंग कागज का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के मुताबिक बरामद तीव्र विस्फोटक पदार्थ का प्रयोग लोगों को नुकसान पहुंचाने और अपराध के साक्ष्य नष्ट करने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) बीएनएस तथा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भदोही और सुरियावां थानों में चोरी, माल बरामदगी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव, उपनिरीक्षक अनिल यादव, हेड कांस्टेबल उमाशंकर सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार पटेल तथा रिजर्व आरक्षी बालकृष्ण तिवारी, अंकित कुमार पाल, अभय कुमार और योगेश कुमार गौतम शामिल रहे।


रिपोर्टर