पुसौली पावर ग्रिड के समीप NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक चालक की मौत
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 27, 2026
- 3 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर / जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुसौली पावर ग्रिड के समीप NH-19 पर यह भीषण सड़क हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, बालू लदा एक ट्रक मोहनिया की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से पाइप लदी ट्रॉली ट्रक ने बालू लदे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पाइप लदी ट्रॉली ट्रक का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक केबिन के अंदर ही फंस गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम और पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को हटाकर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली में लदे पाइप भी सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद NH-19 पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतक ट्रक चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और पीछे से हुई जोरदार टक्कर बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा


रिपोर्टर