गोवर्धन पूजा पर कपिलेश्वर गौशाला में राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने किया भगवान श्रीकृष्ण, बलराम एवं गौ माता का पूजन-अर्चन


 


भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति, पर्यावरण, गौसंरक्षण और लोककल्याण का अनुपम संदेश देती है। गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौमाता के प्रति श्रद्धा और समाज में सेवा एवं समर्पण की भावना को मजबूत करने का पावन पर्व है। इसी धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व के अवसर पर प्रदेश सरकार के राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार श्री गौतम टेटवाल ने सारंगपुर में श्री कपिल मुनि की तपोस्थली स्थित श्री कपिलेश्वर गौशाला पहुंचकर विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने धरणीधर भगवान श्रीकृष्ण एवं श्री बलराम की पूजा-अर्चना कर गौमाता का पूजन एवं आरती की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और जनकल्याण की कामना की।


राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा गोवर्धन पूजा का भारतीय सनातन परंपरा में विशेष महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ अंगुली पर धारण कर प्रकृति, पर्वत, जल, वनस्पति और गौवंश के महत्व का संदेश दिया था। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि प्रकृति का संरक्षण, जीवों के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण ही सच्चे धर्म का आधार है। भगवान श्रीकृष्ण का गौमाता के प्रति प्रेम और गोपाल स्वरूप आज भी समाज को गौसेवा एवं संरक्षण के लिए प्रेरित करता है। उन्‍होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और हमारी सनातन परंपरा का आधार हैं। गौसेवा केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि जीवमात्र के प्रति करुणा, संवेदना और समर्पण का भाव है। गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौसेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं हमें प्रकृति के संरक्षण, जीवों के सम्मान और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। गोवर्धन पूजा के इस पावन अवसर पर कपिलेश्वर गौशाला में भक्ति, श्रद्धा और गौसेवा का विशेष वातावरण देखने को मिला। सभी ने गौमाता के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के संकल्प के साथ भगवान श्रीकृष्ण से सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट