छठ पूजा को लेकर दुर्गावती थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 11, 2026
- 6 views
संवाददाता पिन्टु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने पंचायतों में लोगों को जागरूक करने का आह्वान, बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
दुर्गावती(कैमूर):-- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर दुर्गावती थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान थाना प्रभारी विजय प्रसाद एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी विजय प्रसाद ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने पंचायतों में आम लोगों को जागरूक करें और छठ घाटों पर सुरक्षा एवं व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।
थाना प्रभारी ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि छठ पूजा के दौरान छोटे बच्चों को पोखर, नदी एवं तालाब के आसपास अकेले नहीं जाने दें। जलाशयों के नजदीक बच्चों पर विशेष निगरानी रखें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बनाए रखते हुए छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में डुमरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अविनाश कुमार सिंह उर्फ पिंकू, कल्याणपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह उर्फ डिंपल, मुखिया अंगद यादव, मुखिया राम अवध यादव, जनप्रतिनिधि मनोज शाह, जेवरी पंचायत के सरपंच वसीम खान, सरपंच मुन्ना ठाकुर सहित प्रखंड क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


रिपोर्टर