जिला स्थापना दिवस के दूसरे दिन फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन, पुलिस प्रशासन की टीम बनी विजेता
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 11, 2026
- 2 views
रोहतास ।जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत आज फजलगंज स्टेडियम, सासाराम में फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मैत्रीपूर्ण मुकाबले में सिविल सोसायटी, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फैंसी क्रिकेट मैच का उद्घाटन माननीय विधायक, डेहरी विधानसभा क्षेत्र श्री सोनू सिंह, एडीएम (लोक शिकायत), जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, डेहरी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम ज़िला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
आयोजन के दौरान कुल दो मैच खेले गए। पहला मुकाबला जिला प्रशासन एवं सिविल सोसायटी के बीच हुआ, जिसमें जिला प्रशासन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इसके पश्चात फाइनल मुकाबला पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के बीच खेला गया, जिसमें पुलिस प्रशासन की टीम विजयी रही।
इस मैत्रीपूर्ण खेल आयोजन का मुख्य उद्देश्य 'फिट इंडिया, फिट बिहार, फिट रोहतास' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एवं बौद्धिक चेतना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना था। इस आयोजन के माध्यम से आम लोगों एवं युवाओं को खेलकूद के प्रति जागरूक होने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम ने प्रशासन, पुलिस एवं सिविल सोसायटी के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द और सहभागिता का एक सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।


रिपोर्टर