छठ महापर्व को लेकर विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. ब्रवीम ने छठ घाटों का किया निरीक्षण


रोहतास।श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सासाराम ई. ब्रवीम ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर वहां की विद्युत व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने छठ घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में बिजली के खंभों, विद्युत तारों, ट्रांसफॉर्मरों तथा अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों पर विद्युत सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।


इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि छठ घाटों के आसपास लटकते या क्षतिग्रस्त विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां विद्युत उपकरणों की सुरक्षा एवं उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसी भी संभावित विद्युत दुर्घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।


विद्युत कार्यपालक अभियंता ई. ब्रवीम ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाब एवं अन्य जलाशयों के किनारे अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में विद्युत सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग का प्रयास है कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे।


उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मियों को पर्व के दौरान पूरी तरह मुस्तैद रहने, विद्युत संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी रखने का निर्देश दिया।


विद्युत विभाग की ओर से श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि छठ घाटों पर बिजली के खंभों, तारों एवं ट्रांसफॉर्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विद्युत खंभों या तारों के आसपास कपड़े, सजावटी सामग्री अथवा अन्य वस्तुएं न बांधें। किसी भी प्रकार की विद्युत समस्या या संभावित खतरे की जानकारी तत्काल विभाग को दें। विद्युत विभाग छठ महापर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट