एडीएम एवं डीडीसी ने भलुनीधाम पहुंच लिया तैयारियों का जायजा


रोहतास। जिले के दिनारा प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध सिद्ध शक्तिपीठ मां भलुनीधाम में 14 नवंबर को आयोजित होने वाले भलुनीधाम महोत्सव को यादगार और भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद ने भलुनीधाम पहुंचकर कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों की स्थिति देखी तथा तालाब में मछलियों को दाना भी खिलाया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के उपरांत उप विकास आयुक्त ने मां भलुनीधाम मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माथा टेका और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भलुनीधाम महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि इस क्षेत्र की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसे भव्य, आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से जुटा हुआ है।उन्होंने बताया कि महोत्सव में बिहार के विभिन्न जिलों के साथ दूसरे राज्यों से भी कलाकार पहुंचेंगे। उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले विविध सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजन का प्रमुख आकर्षण होंगे। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का यह संगम श्रद्धालुओं के साथ-साथ कला एवं संस्कृति प्रेमियों के लिए भी खास अनुभव बनेगा।

डीडीसी ने कहा कि भलुनीधाम की धार्मिक महत्ता और ऐतिहासिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के साथ यहां पर्यटन की संभावनाओं को भी विकसित करने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महोत्सव के माध्यम से इस सिद्ध शक्तिपीठ को राज्य के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि महोत्सव से पहले मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और आगंतुकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के साथ उनकी सुविधाओं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया, ताकि महोत्सव के दौरान किसी को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। निरीक्षण के दौरान एडीएम ललित नारायण भूषण, एसडीएम दिलीप कुमार, डीसीएलआर संतोष कुमार, डीआरडीए प्रमोद कुमार, मुखिया प्रतिनिधि अमित राय, बीडीओ कुलदीप कुमार विभूति, सीओ अरुण कुमार सिंह, दिनारा, बिक्रमगंज, नटवार, दावथ एवं भानस थानों के थानाध्यक्ष तथा पीओ रोहित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट