शिवहर में आज हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा और भाई दूज, घर-घर होगी पूजा-अर्चना
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 11, 2026
- 1 views
--------------
शिवहर। जिले में आज गोवर्धन पूजा और भाई दूज का पर्व श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। दोनों पर्वों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। घरों में इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर महिलाएं घरों में गोबर से गोवर्धन महाराज की प्रतिमा बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था प्रकट करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाएगी। वहीं, कई स्थानों पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की जाएगी।
दूसरी ओर, भाई दूज को लेकर भी बहनों में खास उत्साह है। बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पूजा करेंगी। पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार बहनें भाई के माथे पर तिलक लगाकर उनकी मंगलकामना करेंगी। इस अवसर पर भाई अपनी बहनों को उपहार भी देंगे।
दोनों पर्व भाई-बहन के प्रेम, पारिवारिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक हैं। पर्व को लेकर शिवहर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सवी माहौल बना हुआ है।


रिपोर्टर