सारंगपुर की चिकन शॉप से चिकन फ्राई एवं टमाटर सॉस के नमूने लिए
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Nov 12, 2026
- 2 views
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री द्वारा सारंगपुर स्थित सदर बाजार की अबूजर चिकन शॉप (शोरमा चिकन) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकन फ्राई एवं टमाटर सॉस के नमूने जांच हेतु लिए गए। उक्त नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री खत्री द्वारा संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। उक्त कार्रवाई के दौरान श्री शहजाद खान पटवारी, सारंगपुर मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रखी जाएगी।


रिपोर्टर