ऊंट-घोड़ों और सजे-धजे रथ के साथ निकली कायस्थ महासभा की भव्य शोभायात्रा, गटका के हैरतअंगेज करतबों ने बांधा समां
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 12, 2026
- 3 views
गयाजी। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में ऊंट, घोड़ों और सजे-धजे रथ के साथ भव्य शोभायात्रा एवं सामूहिक प्रतिमा विसर्जन का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर नई गोदाम मोड़ से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रुक्मिणी सरोवर पहुंची। यात्रा में कायस्थ समाज के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में जयघोष और उत्सवी माहौल देखने को मिला। शोभायात्रा में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक दिखाई दी।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण पंजाब से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गटका की पारंपरिक युद्धकला रही। कलाकारों ने तलवारबाजी सहित कई हैरतअंगेज और साहसिक करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। उनकी फुर्ती और शानदार प्रदर्शन को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के सदस्य सह पूर्व उप महापौर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, पार्षद संजय सिन्हा, राजीव कुमार सिन्हा उर्फ राजू, पार्षद प्रतिनिधि शशि किशोर उर्फ शिशु, कुमार गौरव, संजीव कुमार सिन्हा, राजू सिन्हा, छोटू सिन्हा, शशिरंजन सिन्हा, डॉ. प्रियरंजन, अभिनव सिन्हा और राजीव रंजन प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग उपस्थित रहे।
अंत में शोभायात्रा रुक्मिणी सरोवर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ सामूहिक रूप से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।


रिपोर्टर