आयुक्त ने छठ घाटों की तैयारियां का किया समीक्षा बैठक 205 घाटों पर रहेंगे एनडीआरएफ एसडीआरएफ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 12, 2026
- 3 views
रोहतास।आयुक्त, पटना प्रमंडल द्वारा रोहतास जिले में छठ घाटों की तैयारियों की समीक्षा।जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए व्यापक इंतजाम, 205 घाटों पर स्थानीय गोताखोरों की तैनाती, SDRF एवं NDRF की टीमें भी रहेंगी मुस्तैद।
छठ महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आयुक्त, पटना प्रमंडल द्वारा रोहतास जिले में छठ घाटों पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, संपर्क पथों की स्थिति, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई।
आयुक्त, पटना प्रमंडल की समीक्षा के उपरांत जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन को निर्देश दिया कि जिले के सभी खतरनाक एवं संवेदनशील छठ घाटों को चिह्नित करते हुए वहां लाल कपड़े (रेड क्लॉथ) से स्पष्ट रूप से मार्किंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को संभावित खतरे वाले स्थानों की जानकारी पहले से मिल सके और वे उन स्थानों पर जाने से बचें। ऐसे घाटों एवं स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आमजनों के बीच आवश्यक सावधानी एवं जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी छठ घाटों का शत-प्रतिशत भौतिक निरीक्षण (100% Inspection) सुनिश्चित किया जाए। इसमें सरकारी एवं नगर निकायों के घाटों के साथ-साथ निजी स्तर पर संचालित एवं निर्मित छठ घाटों को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। कोई भी घाट निरीक्षण से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक घाट पर जल की गहराई, संभावित खतरनाक स्थलों, सुरक्षा एवं बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से सत्यापन किया जाए। संवेदनशील एवं खतरनाक स्थलों पर लाल कपड़े से मार्किंग कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अंचल अधिकारी एवं संबंधित वरीय पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधीन सभी घाटों के निरीक्षण के उपरांत प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) समर्पित करेंगे। इसी क्रम में नगर आयुक्त को नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी छठ घाटों का स्वयं निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम क्षेत्र के किसी भी घाट को निरीक्षण से वंचित नहीं रखा जाएगा। सभी संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए निर्धारित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी हों।
छठ घाटों की तैयारियों की प्रभावी निगरानी एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए जिलाधिकारी द्वारा जिले में 30 वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन पदाधिकारियों को विभिन्न प्रखंडों एवं सभी नगर निकाय क्षेत्रों में छठ घाटों की तैयारियों का निरीक्षण करने, संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक कमियों को चिह्नित करेंगे तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं जल दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी द्वारा जिले में NDRF की टीमों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। इसके अतिरिक्त, जिले के कुल 205 छठ घाटों पर स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी संभावित जल दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य प्रारंभ किया जा सके। स्थानीय गोताखोरों की उपलब्धता तथा NDRF की टीमों की तैनाती से घाटों पर आपदा प्रबंधन एवं त्वरित बचाव व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
इसके अतिरिक्त, छठ महापर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा जिले के 40 थानों के लिए मजिस्ट्रेट के साथ क्विक रिस्पांस टीम (Quick Response Team) का गठन किया गया है। इन टीमों को किसी भी आकस्मिक घटना, अप्रिय स्थिति अथवा आपात सूचना पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने एवं संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसका उद्देश्य किसी भी संभावित दुर्घटना या आपात परिस्थिति में न्यूनतम समय में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए छठ घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग, सुरक्षित पहुंच पथ, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महान पर्व है और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। अतः प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिले के सभी सरकारी एवं निजी छठ घाटों का शत-प्रतिशत निरीक्षण करते हुए सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि रोहतास जिले में छठ महापर्व का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।


रिपोर्टर