20 ग्रामीणों ने सीखा इलेक्ट्रिशियन का हुनर, एसएसबी ने दिया प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 12, 2026
- 3 views
18 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन, स्वरोजगार के लिए किया गया प्रेरित
गयाजी। नागरिक कल्याण कार्यक्रम 2026-27 के तहत 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गया की ओर से आयोजित 18 दिवसीय निःशुल्क इलेक्ट्रिशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन गुरुवार को किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के 20 ग्रामीणों को प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
श्री कुणाल, कमांडेंट, 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, गया के मार्गदर्शन में वाहिनी के ई समवाय, धनगई के कार्यक्षेत्र में 22 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मजदूर किसान विकास संस्थान द्वारा किया गया था।
समापन समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित श्री असीम उपाध्याय, द्वितीय कमान अधिकारी, 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास और आर्थिक सशक्तीकरण समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है। इलेक्ट्रिशियन का प्रशिक्षण प्राप्त कर ग्रामीण अपना स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए हुनर का व्यावहारिक उपयोग करने, अपने कौशल को और निखारने तथा आत्मविश्वास के साथ स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अन्य अतिथियों ने भी 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों में कौशल विकास के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ता है और स्वरोजगार के नए अवसर मिलते हैं।
समारोह में गुड्डू कुमार, सांसद प्रतिनिधि, गया संसदीय क्षेत्र, बालेश्वर यादव, मुखिया प्रतिनिधि, पतलुका पंचायत, गणेश यादव, पंचायत समिति सदस्य, धनगई पंचायत, केडी यादव, पूर्व मुखिया, ग्राम पंचायत पतलुका, श्रवण राम, थानाध्यक्ष, धनगई थाना तथा मजदूर किसान विकास संस्थान के सचिव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


रिपोर्टर