जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर की पहल से परित्यक्त नवजात बच्ची को मिला संरक्षण, मेडिकल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर----- जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के सचिव ललन कुमार रजक के निर्देशानुसार मातृ-शिशु सदर अस्पताल, शिवहर में माता-पिता द्वारा जन्म के बाद छोड़ दी गई एक नवजात बच्ची को सुरक्षित संरक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मातृ-शिशु सदर अस्पताल, शिवहर में नवजात बच्ची के मिलने के बाद अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर, डीसी आरबीएसके डॉ. शोभना कुमारी ने सर्वप्रथम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर से संपर्क स्थापित कर मामले की जानकारी दी तथा आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के सचिव श्री ललन कुमार रजक के निर्देश पर पीएलवी बिपिन कुमार, मुकेश कुमार, अंकित कुमार एवं यूडीसी रूपेश कुमार मौके पर पहुंचे। इस दौरान विशिष्ट दत्तक ग्रहण केंद्र, शिवहर की प्रबंधक स्नेहा कुमारी भी मौजूद रहीं। उनके सहयोग से शिवहर थाना से संपर्क स्थापित कर आवश्यक समन्वय के बाद नवजात बच्ची को प्राप्त किया गया।

इसके पश्चात नवजात बच्ची को चिकित्सकीय जांच एवं आवश्यक उपचार के लिए सरोजा सीताराम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल बच्ची अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती है तथा उसका स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची को विशिष्ट दत्तक ग्रहण केंद्र, शिवहर को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जाएगी।

इस पूरी प्रक्रिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर, विशिष्ट दत्तक ग्रहण केंद्र, मातृ-शिशु सदर अस्पताल एवं शिवहर थाना के बीच आपसी समन्वय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नवजात बच्ची को सुरक्षित वातावरण, उचित चिकित्सकीय देखभाल एवं संरक्षण उपलब्ध कराना है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट